लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण में देश की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। वहीं बाकी चरणों के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। भाजपा, कांग्रेस समेत विभिन्न दलों की रैलियां जारी है। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राहुल गांधी पर मानहानि का केस दर्ज करा दिया है। उनके मुताबिक, राहुल बार-बार 'मोदी चोर है' कहते हैं जिससे मोदी नाम वाले सभी लोगों का अपमान होता है। इसी को लेकर उन्होंने केस दर्ज कराया है। हाल ही में सपा का दामन थामने वाली शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने लखनऊ से पर्चा भरा। वो गृहमंत्री राजनाथ सिंह के सामने चुनाव लड़ रही हैं।
-जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के नेता उमर अब्दुल्ला ने मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बनाई गईं साध्वी प्रज्ञा पर कड़ा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कानून के साथ यह कैसा मजाक है कि भोपाल से एक ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया गया है, जिसपर आतंकवाद के आरोप हैं और स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर जमानत पर हैं, लेकिन इस गर्मी की तपिश में चुनाव लड़ने के लिए फिट हैं।
हालांकि उन्होंने अपने ट्वीट में एक गलती कर दी है और भोपाल की जगह इंदौर लिख दिया है।
-चुनाव आयोग के उड़नदस्ते ने मुंबई के सायन इलाके से 11.85 लाख रुपये नकदी जब्त की।
-कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने रामनगर में मतदान किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में वंशवाद महत्वपूर्ण मुद्दा नहीं है, बल्कि देश की समस्याएं मूल मुद्दा है। केवल वंशवाद और क्षेत्रीय राजनीति के कारण देश के कई राज्यों में विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा की आलोचनाओं से परेशान नहीं हूं।
-राहुल गांधी ने ट्वीट किया: जब आज आप वोट करें तो याद रखें कि न्याय के लिए वोट करना है। बेरोजगार युवा के लिए न्याय, संघर्षरत किसान के लिए न्याय, नोटबंदी से बर्बाद हुए छोटे कारोबारी के लिए न्याय, जाति या धर्म की वजह से मार दिए गए लोगों के लिए न्याय।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राहुल पर मानहानि का केस किया